मोबाइल चोरी होने पर क्या करें? CEIR से Block करें | 2026

मोबाइल चोरी होने पर क्या करें - CEIR पोर्टल से IMEI block

मोबाइल चोरी होने पर क्या करें

आज के ज़माने में मोबाइल फोन सिर्फ एक डिवाइस नहीं है – उसमें आपकी पूरी ज़िंदगी होती है। बैंक अकाउंट, UPI, फोटो, WhatsApp, सोशल मीडिया, और जाने कितनी निजी जानकारी। तो जब मोबाइल चोरी हो जाता है, तो सिर्फ एक डिवाइस नहीं जाती — एक बड़ी ज़िम्मेदारी सामने आ जाती है।

ज़्यादातर लोग घबराहट में या तो गलत कदम उठा लेते हैं या कुछ करते ही नहीं। इस आर्टिकल में हम स्टेप-बाय-स्टेप बताएंगे कि मोबाइल चोरी होने के बाद सबसे पहले क्या करें, कहां शिकायत करें, और सरकारी CEIR पोर्टल से अपना फोन ब्लॉक कैसे करवाएं।

पिछले साल मेरे एक दोस्त का फोन Ambikapur Railway Station पर भीड़ में Mobile चोरी हो गया था। लेकिन उसमें 2 साल की फोटोज़, बैंकिंग ऐप, और सारे ज़रूरी contacts थे। वो इतना घबरा गया कि पहले एक घंटे बस यही सोचता रहा अब क्या करूं? पुलिस स्टेशन गया, तो वहां किसी ने CEIR पोर्टल का नाम तक नहीं लिया। नतीजा फोन तो नहीं मिला, लेकिन चोर ने उसके नंबर से कुछ OTP भी ट्राई किए। उसी दिन मैंने सोचा — यह जानकारी हर किसी तक पहुंचनी चाहिए। इसीलिए यह आर्टिकल लिखा।

इसीलिए आज हम detail में जानेंगे कि मोबाइल चोरी होने पर क्या करें — step by step।

सबसे पहले — घबराएं नहीं ये काम तुरंत करें

चोरी होने के बाद 30–60 मिनट सबसे अहम होते हैं। उस वक्त आप जितना तेज़ एक्शन लेंगे, उतना बेहतर होगा।

1. Google/Apple अकाउंट से फोन को तुरंत Locate करें

अगर आपके पास Android फ़ोन है तो किसी दूसरे डिवाइस या कंप्यूटर पर जाएं और android.com/find या google ke find my device पर लॉगिन करें। यहां से आप अपने फोन की लोकेशन देख सकते हैं, उसे लॉक कर सकते हैं, या फिर उस फ़ोन का सारा डेटा रिमोटली मिटा सकते हैं।

iPhone यूज़र्स के लिए icloud.com/find पर जाकर “Find My iPhone” फीचर काम करता है।

ध्यान रहे: ये तभी काम करेगा जब फोन में इंटरनेट ऑन हो। अगर चोर ने तुरंत SIM निकाल दिया तो शायद काम न करे — लेकिन कोशिश करने में कोई नुकसान नहीं।

2. अपना UPI और बैंकिंग ऐप तुरंत ब्लॉक करें

यह शायद सबसे ज़रूरी कदम है जो लोग अक्सर भूल जाते हैं। फोन चोरी होते ही:

  • अपने बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करें और मोबाइल बैंकिंग सस्पेंड करवाएं
  • PhonePe, Google Pay, Paytm — इनमें से जो भी ऐप आप इस्तेमाल करते हैं, उनकी helpline या वेबसाइट से अकाउंट डीएक्टिवेट करें
  • अगर UPI लिंक्ड है, तो नेट बैंकिंग से लॉगिन करके MPIN चेंज करें

बैंक का टोल-फ्री नंबर आमतौर पर आपके ATM के पीछे होता है — अभी से उसे कहीं लिख कर रखें।

पुलिस में FIR दर्ज करें — और यह क्यों ज़रूरी है

बहुत से लोग सोचते हैं FIR दर्ज करने से क्या होगा फोन वापस नहीं मिलेगा। यह सोच गलत है।

FIR दर्ज करना इसलिए ज़रूरी है क्योंकि सरकारी CEIR पोर्टल पर फोन का IMEI ब्लॉक करवाने के लिए FIR की कॉपी अनिवार्य है। इसके अलावा अगर चोरी हुए फोन से कोई फ्रॉड होता है, तो FIR आपको कानूनी सुरक्षा देती है।

नज़दीकी पुलिस थाने में जाएं और Theft की FIR दर्ज करें। साथ में रखें फोन का IMEI नंबर (बॉक्स पर या *#06# डायल करने पर मिलता है), पहचान पत्र (Aadhaar, Voter ID), और फोन की खरीद रसीद अगर हो तो।

FIR की एक-दो फोटोकॉपी निकलवा कर रखें — आगे काम आएगी।

CEIR पोर्टल से IMEI ब्लॉक करवाएं — सरकार का सबसे असरदार हथियार

यह वो कदम है जो ज़्यादातर लोगों को पता ही नहीं होता।

भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) ने CEIR यानी Central Equipment Identity Register सिस्टम शुरू किया है। यह चोरी हुए मोबाइल को उसके IMEI नंबर के ज़रिए पूरे भारत में ट्रैक और ब्लॉक करने में सक्षम है।

IMEI ब्लॉक होने के बाद फोन को किसी भी नेटवर्क पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता फिर चाहे SIM बदल दी जाए। ब्लॉकिंग रिक्वेस्ट सफलता पूर्वक जमा होने के 24 घंटे के अंदर फोन ब्लॉक हो जाता है।

CEIR पर ब्लॉकिंग के लिए ये स्टेप्स फॉलो करें:

स्टेप 1: सबसे पहले पुलिस में FIR दर्ज करें और FIR की कॉपी लें।

स्टेप 2: अपने टेलीकॉम ऑपरेटर (Jio, Airtel, Vi, BSNL) से उसी नंबर की Duplicate SIM लें।

स्टेप 3: ceir.gov.in पर जाएं, या DoT हेल्पलाइन नंबर 14422 पर कॉल करें।

स्टेप 4: Block Request फॉर्म भरें। इसमें लगेंगे — IMEI नंबर, FIR कॉपी, और Aadhaar/Voter ID जैसा कोई एक पहचान पत्र।

स्टेप 5: फॉर्म सबमिट करने के बाद आपको एक Request ID मिलेगी। इसे संभाल कर रखें — यही बाद में फोन मिलने पर Unblock करवाने के काम आएगी।

CEIR कितना असरदार है?

तेलंगाना राज्य में CEIR के ज़रिए दर्ज 6,683 शिकायतों में से करीब 2,020 फोन सफलतापूर्वक रिकवर होकर उनके मालिकों को वापस मिल चुके हैं। यह आंकड़ा बताता है कि सिस्टम सच में काम करता है बस लोग इसका इस्तेमाल कम करते है। और लोग अब इसके बारे में जानने लगे है।

Google और सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा

बैंकिंग के बाद दूसरी बड़ी चिंता होती है — Gmail, Instagram, Facebook Whatsapp etc.

किसी दूसरे डिवाइस से अपना Gmail खोलें। Settings → Security → Your Devices में जाएं और चोरी हुए फोन को Sign Out कर दें। इसके बाद पासवर्ड तुरंत बदलें और Two-Factor Authentication ON करें याद रखें नए नंबर से करना है।

WhatsApp के लिए — Duplicate SIM मिलने के बाद उसी नंबर से WhatsApp रिइंस्टॉल करें। यह पुराने डिवाइस से अपने आप Logout हो जाएगा। और अपनी whatsapp डेटा को रेगुलर बैकअप करे हफ़्ते में या महीने में एक बार बैकअप करके रखें।

यह भी पढ़ें

आधार कार्ड की सभी ऑनलाइन सेवाएं 2026 | Update, Download, PVC Card, Lock Unlock

फोन चोरी होने पर DigiLocker में Aadhaar safe रहता है — जानें Aadhaar की सभी online services एक जगह।

भविष्य के लिए — यह आदतें अभी से अपनाएं

फोन चोरी की सबसे बड़ी समस्या तब आती है जब आपको IMEI नंबर याद नहीं होता या आपने कहीं लिख कर नहीं रखा हो और फ़ोन का बॉक्स गुम गया हो। तो इससे बचने के लिए:

अपने फोन का IMEI नंबर अभी डायल करें *#06# — और उसे Gmail Drafts, Google Keep, या किसी नोटबुक में लिख कर रखें।

Screen Lock हमेशा लगाए रखें — Fingerprint या PIN, जो भी आपके फ़ोन में हो। बिना लॉक वाला फोन चोरों के लिए जैकपॉट होता है।

Important documents जैसे Aadhaar, PAN की soft copy DigiLocker में रखें — ताकि फोन जाने पर भी आपके documents safe रहें।

Google Photos का Auto-Backup ON रखें — कम से कम यादें तो बची रहेंगी।

संक्षेप में — इस क्रम में काम करें

मोबाइल चोरी होने पर क्या करें — सबसे पहले Google/Apple Find My Device से लोकेशन ट्रैक करें। फिर बैंक और UPI ऐप्स को ब्लॉक करें। उसके बाद पुलिस में FIR दर्ज करें और Duplicate SIM लें। और अंत में ceir.gov.in पर जाकर IMEI ब्लॉक करवाएं और Gmail/सोशल मीडिया अकाउंट Logout करें।

मोबाइल चोरी होना दुखद है — लेकिन सही कदम उठाने से आप बड़े नुकसान से बच सकते हैं। CEIR पोर्टल जैसा सरकारी सिस्टम अब पहले से कहीं ज़्यादा असरदार हो चुका है। ज़रूरत है तो बस सही जानकारी और थोड़ी सी सतर्कता की।

अगर यह जानकारी आपके काम आई, तो इसे अपने दोस्तों और परिवार के साथ ज़रूर शेयर करें — क्योंकि यह जानकारी उनके भी काम आ सकती है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)

Q1. IMEI नंबर कैसे पता करें?
बहुत आसान है। अपने फोन के dial pad पर *#06# टाइप करें — IMEI नंबर तुरंत स्क्रीन पर आ जाएगा। इसके अलावा फोन का original box हो तो उस पर भी IMEI लिखा होता है। Samsung और कुछ Android फोन में Settings → About Phone → IMEI में भी मिलता है। आज ही इसे कहीं note कर लें — चोरी के बाद याद करना मुश्किल होता है।
Q2. क्या बिना FIR के CEIR पोर्टल पर फोन ब्लॉक हो सकता है?
नहीं। CEIR पर IMEI ब्लॉक करवाने के लिए FIR की कॉपी अनिवार्य है। इसीलिए फोन चोरी होते ही पहला काम पुलिस स्टेशन जाना होना चाहिए — चाहे लगे कि फोन मिलेगा नहीं। FIR नहीं तो CEIR नहीं, और CEIR नहीं तो IMEI ब्लॉक नहीं।
Q3. IMEI ब्लॉक होने के बाद क्या चोर फोन use नहीं कर सकता?
जी हां। IMEI ब्लॉक होने के बाद वो फोन किसी भी network पर काम नहीं करेगा — चाहे चोर Jio की SIM डाले, Airtel की डाले या Vi की। Call, SMS, internet — सब बंद। हालांकि WiFi calling के कुछ अपवाद हो सकते हैं, इसलिए बैंकिंग ऐप्स अलग से ब्लॉक करना भी ज़रूरी है।
Q4. अगर फोन मिल जाए तो IMEI Unblock कैसे होगा?
जब आपने CEIR पर block request डाली थी, तब एक Request ID मिली थी — उसे संभाल कर रखें। फोन वापस मिलने पर उसी ceir.gov.in पर जाकर Unblock Request डालें। Request ID, FIR कॉपी और identity proof लगेगा। Process same है, बस इस बार "Block" की जगह "Found" वाला option चुनना होगा।

Leave a Reply